सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग का मामला, फतेहाबाद के इस गांव से निकला कनेक्शन ?

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग का मामला, फतेहाबाद के इस गांव से निकला कनेक्शन ?

फतेहाबाद का भिरड़ाना गांव एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। क्योंकि सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले के तार इस गांव से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने भिरड़ाना में दबिश दी है। आरोप है कि जिस सिम का इस्तेमाल हुआ है वो इसी गांव के एक युवक के नाम पर है। आपको बता दें कि इससे पहले भिरड़ाना गांव चर्चाओं में तब आया था जब सिद्धू मूसेवाला की हत्या के तार इस गांव से जुड़े थे। इतना ही नहीं यहां एनआईए की टीम भी दबिश दे चुकी है।

अब शनिवार रात भिरड़ाना में महाराष्ट्र पुलिस ने दबिश दी है। इस पुलिस टीम में छह से सात अधिकारी शामिल रहे। इस टीम ने गांव भिरड़ाना में जाकर कई मोबाइल दुकानों पर जाकर चेकिंग की है साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। इस तरह दबिश देने के पीछे का कारण सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग का मामला बताया जा रहा है।

दरअसल आरोपियों ने आपस में बातचीत के लिए जिस मोबाइल सिम का इस्तेमाल किया था वो भिरड़ाना के युवक के नाम पर बताई जा रही है। उसी ने उपलब्ध करवाई थी। हालांकि सदर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महाराष्ट्र पुलिस बेल जंपर आरोपियों की तलाश में आई हुई है। सलमान खान मामले में यहां आने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

अब सवाल ये कि जब सदर पुलिस ऐसी कोई बात ना होने की बात कह रही है तो मीडिया में ये बात कैसे आई, तो इसका जवाब ये है कि दबिश के बाद फतेहाबाद में मीडिया के मोबाइल व्हाट्सएप नंबरों पर मैसेज जारी हुए हैं। जिसमें सरेंडर करने का जिक्र किया गया है। इन मैसेज में लिखा गया है कि नमस्कार, सर जी, सर मेरा एक लड़का है सलमान खान केस फायरिंग में फतेहाबाद हरियाणा का रहने वाला है। उसको आज मैं लोकल सिटी में सरेंडर करवाना चाह रहा हूं। क्या मीडिया रिपोर्टर उसके साथ जा सकते हैं, क्योंकि पुलिस वाले कोई बड़ा मैटर ना बनाएं। आप लोगों की मदद से वो लड़का सही सलामत सरेंडर हो जाएगा। मुंबई क्राइम ब्रांच लेने आई है। जब वो सरेंडर करेगा तो बाहर आप उसका इंटरव्यू कर लेना।

आपको बता दें कि इससे पहले एनआईए की टीम यहां दबिश दे चुकी है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या मामले में शूटरों को गाड़ी मुहैया करवाने को लेकर गांव भिरड़ाना के रहने वाले पवन बिश्नोई पर आरोप हैं। पवन को पुलिस अब गिरफ्तार कर चुकी है और वो जेल में है। पुलिस की पूछताछ में ये सामने आया था कि राजस्थान से गाड़ी लाकर पवन ने शूटरों को मुहैया करवाई थी।

बहरहाल लोकल पुलिस का मामले में अभी यही कहना है कि महाराष्ट्र पुलिस यहां बेल जंपर को पकड़ने के लिए आई है। और सलमान खान के घर फायरिंग मामले में सिम उपलब्ध करवाने जैसी कोई जानकारी नहीं है।